हौसला फॉउंडेशन द्वारा प्रकाशित 'लोकमंगल पञ्चाङ्ग' का लखनऊ हस्तशिल्प महोत्सव में हुआ लोकार्पण


लखनऊ। राजधानी के स्मृति उपवन में चल रहे लखनऊ हस्तशिल्प महोत्सव में 'हौसला फॉउंडेशन' द्वारा प्रकाशित नशामुक्ति की थीम पर आधारित 'लोकमंगल पञ्चाङ्ग' का समारोहपूर्वक लोकार्पण किया गया।

         सामाजिक सरोकारों के लिए प्रतिबद्ध अग्रणी समाजसेवी संस्था 'हौसला फॉउंडेशन' ने केंद्रीय मंत्री मान. श्री कौशल किशोर द्वारा चलाए जा रहे 'नशामुक्त समाज आंदोलन - अभियान कौशल का' में सहभागिता करते हुए उक्त पञ्चाङ्ग का प्रकाशन किया है। महोत्सव के मुख्य मंच पर आयोजित लोकार्पण समारोह में नामचीन हस्तियों ने सहभाग कर 'हौसला फॉउंडेशन' के इस प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की। 


         हौसला फॉउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा सिंह ने इस अवसर पर कहा कि लोकार्पित 'लोकमंगल पञ्चाङ्ग' में जहाँ एक ओर विस्तारपूर्वक तिथि, पर्व, मुहूर्त, राशिफल एवं ग्रह-नक्षत्रों की जानकारी का समावेश है, वही नशामुक्ति का सार्थक संदेश भी है। पञ्चाङ्ग के माध्यम से चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान में  जनसहभागिता का आह्वान किया गया है। उन्होंने बताया कि 'लोकमंगल पञ्चाङ्ग' प्रत्येक वर्ष प्रकाशित किया जाएगा। यह पञ्चाङ्ग महत्त्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों पर अलख जगाने का कार्य करेगा। 



        संस्था अध्यक्ष श्रीमती सिंह ने 'लोकमंगल-पञ्चाङ्ग' के लोकार्पण के निमित्त महोत्सव का मुख्य मंच प्रदान करने के लिए महोत्सव आयोजन समिति के प्रमुख अरुण प्रताप सिंह एवं गुंजन वर्मा को आभार व्यक्त किया। लोकार्पण कार्यक्रम में बड़ी संख्या राजधानी की नामचीन हस्तियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।